जमशेदपुर. कपाली ओपी क्षेत्र के हिम्मतनगर में महिला को लगातार परेशान करने और चाकू की नोंक पर घर में घुसकर जबरदस्ती करने के आरोपी मो. तल्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी मो. तल्हा बस्ती की ही एक महिला के साथ पिछले करीब डेढ़ माह से लगातार छेड़खानी कर रहा था. महिला द्वारा बार-बार मना किये जाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था. गत चार सितंबर को आरोपी हाथ में धारदार चाकू लेकर महिला के घर में जबरन घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख वह मौके से फरार हो गया था.
घटना के बाद पीड़िता ने कपाली ओपी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज करायी थी. कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार शाही ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर मो. तल्हा को धर दबोचा. कपाली ओपी में पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
