जमशेदपुर : आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाली सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड की बालक और बालिका टीम तैयार है. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए केपीएस कदमा स्कूल परिसर में समारोह आयोजित किया गया. इस दौरान खिलाड़ियों को नई खेल किट प्रदान की गयी. नई किट के साथ खिलाड़ियों में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन का उत्साह भी नजर आया. बालिका टीम को केपीएस कदमा की प्राचार्या शर्मिला मुखर्जी और बालक टीम को मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान ने किट सौंपी. स्कूल के डायरेक्टर शरारत चंद्र नायर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया.
10 दिन पसीना बहाकर राष्ट्रीय मुकाबले के लिए तैयार हुए खिलाड़ी
राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए खिलाड़ियों ने 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर में जमकर पसीना बहाया. जेबीए (JBA) के सचिव और इंटरनेशनल कोच जे.पी. सिंह की देखरेख में आयोजित शिविर में खिलाड़ियों की तकनीक और फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया. पासिंग, शूटिंग, डिफेंस और टीम संयोजन पर भी लगातार अभ्यास कराया गया. प्रशिक्षण शिविर के बाद दोनों टीमें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं. समारोह में जेबीए अध्यक्ष हरभजन सिंह, सचिव जे.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष प्रदीप मुखर्जी, राहुल, अंजली, सुप्रिया और शाबानुल मौजूद थे.
बालक टीम
नवीन, आशीष, श्रेयांश, हर्ष, रॉबर्ट, राजू, सैम हेम्ब्रम, अर्नव, युवराज, दिलकुश, हसदा और हार्दिक.
मुख्य प्रशिक्षक : अरिफ आफताब सहायक प्रशिक्षक : विशाल दास मैनेजर : सुशांत दीप
बालिका टीम
वर्षा, मालिया, नैशा, मायरा, मांगी, रिशु (कप्तान), आमायरा, आन्या, इशिका, दृष्टि, सना और डेवनीत.
मुख्य प्रशिक्षक : किंकर कृष्णा सहायक प्रशिक्षक : दीपक साहू मैनेजर : तिशा केशरी
