प्रकाश दास/गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार रात को जोड़सा पंचायत के चोड़िन्दा गांव में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया. चोरों ने माणिक सिंह, करमु सिंह और मनोज गोप के घरों से करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ली. घटना के बाद पुलिस ने रात से ही छापेमारी शुरू कर दी. मंगलवार को थाना प्रभारी अंकु कुमार के नेतृत्व में पुलिस डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम के साथ चोड़िन्दा गांव पहुंची और जांच शुरू की.
झुमुर देखने गये थे परिवार, लौटे तो टूटा मिला ताला
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात चोड़िन्दा गांव में आयोजित झुमुर कार्यक्रम देखने के लिए तीनों परिवार घर में ताला लगाकर गये थे. रात करीब 12 बजे परिवार के सदस्य लौटे. चाबी से दरवाजा खोलने पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर जाने पर अलमारी से जेवरात गायब मिले. इसके बाद तीनों परिवार रात में ही गालूडीह थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी.
लॉकेट, पायल, झुमका समेत कई आभूषण ले गये चोर
माणिक सिंह के घर से सोने का लॉकेट, चांदी की पायल और सोने का झुमका चोरी हुआ है. वहीं, उनके भाई करमु सिंह के घर से सोने की अंगूठी, झुमका, चेन और अन्य आभूषण गायब हैं. दोनों भाइयों के घर से करीब एक लाख रुपये के जेवरात चोरी होने की बात कही जा रही है. मनोज गोप के घर से सोने के दो लॉकेट, चांदी की चूड़ी, पायल, पांच चेन, चार अंगूठी, ब्रेसलेट और दो बिछिया चोरी हुई है. मनोज गोप ने करीब एक लाख रुपये के जेवरात चोरी होने की बात बतायी है.
डॉग स्क्वायड ने की ट्रैकिंग, फिंगरप्रिंट टीम ने लिये नमूने
सूचना पर पुलिस ने रात से ही संदिग्धों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी. मंगलवार को थाना प्रभारी अंकु कुमार डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम के साथ चोड़िन्दा गांव पहुंचे. खोजी कुत्ते की मदद से घटनास्थल के आसपास ट्रैकिंग करायी गयी. वहीं, फिंगरप्रिंट टीम ने तीनों घरों में अलमारी, दरवाजे और अन्य स्थानों से फिंगरप्रिंट के नमूने लिये. पुलिस ने मामले में चोड़िन्दा निवासी कृष्णा सिंह, जोड़सा निवासी भवेश गोराई व पवन शर्मा, गालूडीह डांगापाड़ा निवासी अजय साधनदार, ऊपरडांगा निवासी सूरज देवरी और बड़बिल निवासी संदीप भकत को हिरासत में लिया है. सभी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस चोरी गये आभूषणों की बरामदगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है.
चोड़िन्दा में झुमुर स्थल से बाइक चोरी
सोमवार रात चोड़िन्दा गांव में आयोजित झुमुर कार्यक्रम स्थल से जोड़सा निवासी लालटू महतो की स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी हो गयी. लालटू महतो झुमुर कार्यक्रम देखने पहुंचे थे. बाइक कार्यक्रम स्थल के पास खड़ी कर वे कार्यक्रम देखने चले गये. देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लौटे, तो बाइक गायब मिली. वहीं, रविवार को गालूडीह मीना बाजार से जोड़सा गांव निवासी प्रभात बोस की स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गयी. दोनों मामलों की सूचना गालूडीह पुलिस को दी गयी है. पुलिस बाइक चोरी की घटनाओं की जांच कर रही है.
