Jamshedpur News : मौसम ने ली करवट, सुबह से छाये रहे बादल, कल भारी बारिश का अलर्ट
जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया, जिससे स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली. पिछले कुछ दिनों की तुलना में बुधवार को मौसम अपेक्षाकृत काफी बेहतर रहा.
जमशेदपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया, जिससे स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली. पिछले कुछ दिनों की तुलना में बुधवार को मौसम अपेक्षाकृत काफी बेहतर रहा. सुबह से ही आसमान में काले-घने बादल छाये रहे, जिससे तेज धूप का असर गायब रहा और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहाना बना रहा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान गिरकर 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम था. वहीं, न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री अधिक है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहने के कारण दिनभर उमस और लू जैसी स्थिति से लोगों को बड़ी राहत मिली. मौसम विभाग ने 12 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
14 जून तक येलो अलर्ट, बारिश के साथ आंधी भी चलेगी
मौसम विभाग की ओर से जारी साप्ताहिक बुलेटिन के अनुसार आने वाले दिनों में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में बादलों का डेरा रहेगा और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है.
11 जून :
न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश या धूल भरी आंधी आ सकती है. इसके लिए मौसम विभाग ने 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.
12 जून (भारी बारिश का अलर्ट) :
इस दिन तापमान में और गिरावट आयेगी. न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री और अधिकतम 36.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने इस दिन के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की भी चेतावनी है.
13 और 14 जून :
जिले में अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. आसमान में बादल छाये रहने के साथ-साथ गरज-चमक और तेज हवाओं (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश की स्थिति बनी रहेगी.
15 और 16 जून :
सप्ताह के अंत और अगले हफ्ते की शुरुआत में न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री और अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.