जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर मौजा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाये गये दो मंजिला पक्के मकान को प्रशासन ने मंगलवार को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया. एसडीओ के निर्देश पर सीओ के नेतृत्व वाली प्रशासनिक टीम ने यह कार्रवाई की. जानकारी के अनुसार, छोटा गोविंदपुर मौजा स्थित करीब तीन डिसमिल सरकारी भूमि पर दुर्गा पांडेय द्वारा अवैध रूप से दो मंजिला पक्के मकान का निर्माण कराया गया था. मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने स्थल जांच करायी. आरोप सही पाये जाने पर अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया.
तीन घंटे तक चली मशक्कत
मंगलवार को जैसे ही प्रशासनिक टीम जेसीबी लेकर पहुंची, दुर्गा पांडेय सहित कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया. करीब तीन घंटे तक चली मशक्कत के बाद अवैध निर्माण को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया. अभियान में अंचल निरीक्षक मनोज कुमार, शैलेश सिन्हा, हल्का कर्मचारी रुद्र कुमार, गोविंदपुर थाना पुलिस और अंचल चौकीदार मौजूद थे. जमशेदपुर प्रखंड के सीओ मनोज कुमार ने बताया कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा.
