jamshedpur news : चांडिल डैम में लगेगा सोलर पैनल, बिजली बिल में हर माह होगी लाखों की बचत
4.92 करोड़ रुपये की लागत से 750 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया जायेगा
छह माह में प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित
jamshedpur news :
सुवर्णरेखा बहुद्देश्यीय परियोजना के तहत चांडिल डैम, आवासीय कॉलोनी और सात विभागीय कार्यालयों में जल्द सोलर पैनल यूनिट स्थापित की जायेगी. झारखंड सरकार के जल संसाधन विभाग ने परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है. लगभग 4.92 करोड़ रुपये की लागत से 750 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया जायेगा. ऊर्जा ऑडिट के बाद चांडिल डैम परिसर, सुवर्णरेखा आवासीय कॉलोनी, अधीक्षण अभियंता कार्यालय, डिवीजन कार्यालय, केंद्रीय भंडारण कार्यालय, भू-अर्जन कार्यालय व पुनर्वास कार्यालय में सोलर पैनल यूनिट लगाने के लिए तीन स्थान चिह्नित किये गये हैं. विभाग ने प्रोजेक्ट को आगामी छह माह में पूरा करने का समय निर्धारित किया है. चांडिल यांत्रिक प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता प्रवीण तिर्की ने बताया कि परंपरागत बिजली कनेक्शन की जगह मानक कंपनी की सोलर यूनिट लगायी जायेगी और पांच वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी की होगी. परियोजना पूरी होने पर लगभग चार दशक पुराने बिजली कनेक्शन बंद हो जायेंगे और हर माह 12-13 लाख रुपये के बिजली बिल से राहत मिलेगी. सुवर्णरेखा बहुद्देश्यीय परियोजना के चीफ इंजीनियर आरएन प्रसाद ने बताया कि चांडिल डैम, आवासीय कॉलोनी, विभागीय कार्यालयों में जल्द सोलर पैनल यूनिट लगायी जायेगी. इसके लिए चांडिल यांत्रिक प्रमंडल को निर्देश दिया गया है.
मेगा लिफ्ट इरिगेशन में भी सोलर पैनल यूनिट लगाने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, सुवर्णरेखा बहुद्देश्यीय परियोजना को चांडिल डैम, चांडिल कॉलोनी, सात विभागीय कार्यालयों में सोलर पैनल यूनिट लगने के बाद मासिक राजस्व का फायदा होने पर मेगा लिफ्ट इरिगेशन में भी सोलर पैनल यूनिट लगायी जायेगी. इसके लिए भी तैयारी की जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.