वरीय उपाध्यक्ष व अन्य प्रभारियों ने भी दिखाये तेवर, कहा- प्रधान शुरू करायें चुनावी प्रक्रिया
Jamshedpur News :
साकची गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान पद के चुनाव को लेकर विपक्ष ने अपनी मांग और तेज कर दी है. साकची गुरुद्वारा कमेटी के वरीय उपाध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह जोगी के बाद वरीय उपाध्यक्ष सरदार दविंदर सिंह राजू मरवाह एवं इंचार्ज सरदार महेंद्र सिंह ने भी अपने कड़े तेवर दिखाते हुए प्रधान निशान सिंह से चुनाव कराने की मांग की है. दोनों पदाधिकारी प्रधान के इतर अपने वरीय उपाध्यक्ष के रास्ते चल पड़े और चुनाव प्रक्रिया शुरू करने का दबाव प्रधान निशान सिंह पर बढ़ा दिया है. राजू मरवाह एवं महेंद्र सिंह ने गुरुवार को अलग-अलग आवेदन प्रधान निशान सिंह को संबोधित कार्यालय कर्मी बीबी बलबीर कौर को सौंपा है. राजू मरवाह के अनुसार कमेटी का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है और संगत उनसे सवाल करती है कि चुनाव कब करायेंगे. राजू मरवाह के अनुसार सरदार जोगिंदर सिंह जोगी ने जो पत्र दिया है, उस पर कमेटी द्वारा क्या निर्णय लिया गया है. उससे संगत को अवगत कराया जाये, ताकि वे भी जवाब दे सकें. महेंद्र सिंह के अनुसार कमेटी का कार्यकाल अप्रैल तक है और ऐसे में वोटर लिस्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जानी चाहिए, क्योंकि इसमें काफी समय लगता है. पारदर्शी तरीके से वोटर लिस्ट तैयार हो, जिससे किसी को भी उंगली उठाने का मौका नहीं मिल सके. इन दोनों के आवेदन पर लगभग 50 से ज्यादा सदस्यों के हस्ताक्षर हैं और तकरीबन सभी गुरुद्वारा बस्ती के हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
