निखिल सिन्हा की रिपोर्ट
Jamshedpur News : जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के एमपी रोड स्थित इम्तियाज जनरल स्टोर में रविवार रात दो बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग की. घटना में दुकानदार बाल-बाल बच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पैसा बकाया को लेकर विवाद
दुकानदार मोहम्मद इम्तियाज के अनुसार, 31 मई रविवार रात करीब 9 बजे अरमान पलटन और बच्चा राज उसकी दुकान पर पहुंचे. दोनों ने 122 रुपये का सामान खरीदा. सामान का बिल देने के दौरान इम्तियाज ने उनसे पूर्व की बकाया राशि भी मांग ली. उन्होंने बताया कि दोनों पर करीब पांच हजार रुपये का पुराना बकाया था.
बकाया मांगने पर मारपीट और दुकान में तोड़फोड़
बकाया रुपये मांगने पर दोनों आरोपी भड़क गए और दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि दोनों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की.
जान से मारने की नीयत से फायरिंग, पुलिस जांच में जुटी
कुछ देर बाद दोनों दोबारा दुकान पर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से इम्तियाज पर दो राउंड फायरिंग कर दी. हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: HDFC और SBI कार्ड ब्लॉक होने का झांसा देकर उड़ाते थे पैसे, जामताड़ा से 3 साइबर अपराधी गिरफ्तारी
यह भी पढ़ें: बोकारो: पड़ोसियों के साथ खूनी संघर्ष मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, मारपीट में महिला की हो गई थी मौत
