जमशेदपुर में होली पर 100 रुपये किलो बिका कटहल, तो मटन किस भाव?

Jamshedpur Holi Market: जमशेदपुर में होली पर कटहल 50 से बढ़कर 100 रुपये किलो पहुंच गया. मांग बढ़ने और आपूर्ति घटने से दाम चढ़े. मटन 900 रुपये किलो और पॉल्ट्री मुर्गा 150-160 रुपये में बिक रहा है. शहर में 15 क्विंटल चिकन और 6 क्विंटल मटन बिक्री का अनुमान है. पूरी खबर नीचे पढ़ें.

Jamshedpur Holi Market: जमशेदपुर में होली के त्योहार में चिकन-मटन का भाव बढ़ने के साथ ही कटहल की कीमत में भी अचानक तेजी आ गई. पिछले हफ्ते तक जमशेदपुर के बाजार में 50 रुपये किलो बिकने वाला कटहल होली से एक दिन पहले अचानक 100 रुपये प्रति किलो के भाव पर पहुंच गया. थोक में ही यह सब्जी 70 रुपये किलो बेची गई. आम तौर पर होली के दिन शाकाहारियों द्वारा सब्जियों में इसका इस्तेमाल किया जाता है. इसे शाकाहारियों का मटन भी कहा जाता है. सब्जी विक्रेता और मुनाफाखोरों ने होली के मद्देनजर अचानक इसकी कीमतों को तेज कर दिया.

होली में बढ़ गई कटहल की मांग

साकची के सब्जी विक्रेता धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, होली में कटहल की मांग काफी बढ़ जाती है, लेकिन मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है. इस समय सिमडेगा और खूंटी की बजाय भुवनेश्वर से कटहल मंगाया जा रहा है, जिससे परिवहन लागत बढ़ने के कारण कीमतों में इजाफा हुआ है. थोक बाजार में कटहल 70 रुपये किलो बिक रहा है, जिसके बाद खुदरा बाजार में इसे काटकर 100 रुपये किलो तक बेचा जा रहा है. होली के दिन कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.

जमशेदपुर में सब्जियों के दाम

  • चना झांड़ी: 25 रुपये प्रति बंडल
  • मटर: 30 रुपये प्रति किलो
  • पत्ता वाला प्याज: 20 रुपये प्रति किलो
  • भिंडी: 100 रुपये प्रति किलो
  • सहजन सुट्टी: 100-120 रुपये प्रति किलो
  • करेला: 60 रुपये प्रति किलो
  • खीरा: 60 रुपये प्रति किलो
  • टमाटर: 20-30 रुपये प्रति किलो

15 क्विंटल चिकन और 6 क्विंटल मटन बिकने का अनुमान

जमशेदपुर में होली पर चिकन और मटन की मांग भी बढ़ जाती है. इस बार होली बुधवार को होने के कारण विक्रेता अच्छी बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं. शहर में करीब 500 से अधिक चिकन और मटन की दुकानें हैं. अनुमान है कि इस बार की होली में 15 क्विंटल चिकन और 6 क्विंटल मटन की बिक्री संभव है. सोमवार तक मटन 800 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जिसे बढ़ाकर 900 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है. मांग अधिक होने और आपूर्ति कम होने के कारण दाम बढ़े हैं.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में डीसी-एसपी के घर मनाई गई होली, शांति और सौहार्द का दिया संदेश

जमशेदपुर में मटन-चिकन की कीमतें

  • मटन: 900 रुपये प्रति किलो
  • देसी मुर्गा: 500-600 रुपये प्रति किलो
  • पॉल्ट्री मुर्गा: 150-160 रुपये प्रति किलो

इसे भी पढ़ें: सिमडेगा एसपी ने घूम-घूमकर पुलिस जवानों संग खेली होली, डीसी के घर पर कीर्तन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >