पूर्वी सिंहभूम में सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. सोमवार को जिला मुख्यालय में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति और यातायात प्रबंधन की समीक्षा बैठक में उपायुक्त राजीव रंजन ने दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये. उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित कर वहां स्थायी समाधान लागू करने को कहा.बैठक में बताया गया कि मई में जिले में 28 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 19 लोगों की मौत और 15 लोग घायल हुए. उपायुक्त ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया. स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने स्कूल वाहन एसोसिएशन को स्पष्ट चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर सभी स्कूली वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट व अन्य सभी कानूनी औपचारिकताओं को दुरुस्त कर लें. समय सीमा के बाद जिला परिवहन विभाग और पुलिस की ओर से संयुक्त जांच अभियान चलाया जायेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
एनएच-33 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ चलेगा अभियान
एनएच-33 पर डिमना चौक से भिलाई पहाड़ी तक अवैध पार्किंग पर भी चिंता जतायी गयी. डीसी ने इस पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है. समीक्षा में बताया गया कि मई में यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में 23.44 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 512 चालकों के लाइसेंस निलंबित किये गये. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) राहुलजी आनंदजी, जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, एनएचएआइ, जुस्को, विभिन्न परिवहन संघों तथा स्कूल वाहन एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.