यहां जानें छताें से कैसे होगी 30,000 करोड़ की कमाई

टाटा पावर घर की छतों को कमाई का जरिया बनाने जा रही है. 2030 तक 30,000 करोड़ के राजस्व का लक्ष्य है, जिसमें रूफटॉप सोलर पर खास ध्यान दिया जाएगा. बैटरी स्टोरेज के साथ 24x7 सौर बिजली भी उपलब्ध होगी.

जमशेदपुर : घर की छत अब सिर्फ धूप और बारिश से बचाने की जगह नहीं, बल्कि कमाई और बिजली बचत का बड़ा जरिया बनने जा रही है. भारत में तेजी से बढ़ते रूफटॉप सोलर बाजार पर कब्जा मजबूत करने के लिए टाटा पावर ने रोडमैप तैयार किया है. कंपनी की नजर 2029 तक 30 लाख घरों तक पहुंचने और देश के रूफटॉप सोलर बाजार में 25 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने पर है. इससे भी बड़ा लक्ष्य 2030 तक रूफटॉप सोलर कारोबार से सालाना 30,000 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाना है. केंद्र सरकार की सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली योजनाओं, बढ़ती बिजली की मांग, घटती सोलर लागत और लोगों में बढ़ती पर्यावरणीय जागरूकता को कंपनी इस विस्तार का बड़ा आधार मान रही है. मजबूत अखिल भारतीय नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सहारे टाटा पावर घरेलू सोलर बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में है.

पैनल के साथ बैटरी भी, रात में भी मिलेगी सौर बिजली

टाटा पावर अब सिर्फ रूफटॉप पर सोलर पैनल लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहती. कंपनी अपने सोलर सिस्टम के साथ बैटरी एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशन भी जोड़ रही है. दिन में पैदा होने वाली अतिरिक्त सौर ऊर्जा को बैटरी में स्टोर कर रात में इस्तेमाल किया जा सकेगा. इस मॉडल से ग्राहकों को बिजली कटौती के दौरान भी बैकअप मिलेगा और ग्रिड पर निर्भरता कम होगी. यानी दिन की धूप से बनी बिजली का इस्तेमाल रात में भी किया जा सकेगा.

तेजी से बढ़ा कारोबार, मुनाफे की रफ्तार भी तेज

टाटा पावर के रूफटॉप सोलर कारोबार ने हाल के वर्षों में तेज वृद्धि दर्ज की है. वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में 342 करोड़ रुपये रहा राजस्व वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में करीब चार गुना बढ़कर 1,350 करोड़ रुपये हो गया. यह करीब 58 फीसदी की सीएजीआर है. इसी अवधि में EBITDA 38 करोड़ रुपये से बढ़कर 197 करोड़ रुपये हो गया, जो करीब 74 फीसदी सीएजीआर दर्शाता है. टैक्स के बाद शुद्ध मुनाफा भी 23 करोड़ रुपये से बढ़कर 145 करोड़ रुपये हो गया. यानी मुनाफे में करीब 84 फीसदी की सीएजीआर रही.

2029 तक 30 लाख घरों तक पहुंचने का लक्ष्य

टाटा पावर ने अगले चरण के विस्तार के लिए चार बड़े लक्ष्य तय किए हैं—

  • 30 लाख उपभोक्ता: मौजूदा करीब 5 लाख ग्राहकों की संख्या को 2029 तक बढ़ाकर 30 लाख करना.
  • 25% बाजार हिस्सेदारी: देश के रूफटॉप सोलर बाजार में एक-चौथाई हिस्सेदारी हासिल करना.
  • 30,000 करोड़ का लक्ष्य: 2030 तक रूफटॉप सोलर कारोबार से सालाना 30,000 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल करना.
  • 24x7 सौर बिजली: सोलर पैनल के साथ बैटरी स्टोरेज जोड़कर ग्राहकों को चौबीसों घंटे बिजली उपलब्ध कराने का मॉडल तैयार करना.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साहिल अस्‍थाना

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >