ग्रीन कार्डधारियों का राशन कहां अटका? पोर्टल पर सिर्फ 48%, विभाग का दावा 90% वितरण पूरा

जमशेदपुर में ग्रीन कार्ड राशन वितरण को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. विभागीय पोर्टल पर जहां सिर्फ 48.2% चावल वितरण दिख रहा है, वहीं विभाग का दावा है कि 90% काम पूरा हो चुका है. जानिए इस विसंगति की पूरी कहानी और लाभुकों की शिकायतें.

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में ग्रीन कार्डधारियों को मिलने वाले राशन के आंकड़ों को लेकर विभागीय पोर्टल और जमीनी स्थिति में बड़ा अंतर सामने आया है. 31 अगस्त तक पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, जिले के 41,494 ग्रीन कार्डधारियों के लिए आवंटित 6.24 लाख किलो चावल में से महज 3 लाख किलो यानी 48.2 फीसदी चावल का ही वितरण दिख रहा है. इस हिसाब से 51.8 फीसदी चावल का वितरण अब भी बाकी है.

हालांकि, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का कहना है कि अगस्त में करीब 90 फीसदी राशन का वितरण किया जा चुका है. विभाग के अनुसार, ऑनलाइन डेटा सिंक होने में समय लगने के कारण पोर्टल पर वास्तविक वितरण से कम आंकड़े दिखाई दे रहे हैं. जिले में अनाज का उठाव पूरा हो चुका है और अगले एक-दो दिनों में पोर्टल पर भी अपडेट दिखाई देने लगेगा.

शहरी इलाकों में वितरण की स्थिति ज्यादा धीमी

पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण इलाकों की तुलना में जमशेदपुर, मानगो और जुगसलाई जैसे शहरी क्षेत्रों में चावल वितरण की स्थिति धीमी है. जमशेदपुर शहर में 2.77 लाख किलो चावल के आवंटन में से सिर्फ 1.18 लाख किलो यानी 42.65 फीसदी चावल ही वितरित दिखाया गया है.

मानगो में 50.20 फीसदी और गोलमुरी-सह-जुगसलाई में 45.41 फीसदी वितरण दर्ज है. ग्रामीण इलाकों में पटमदा 55.28 फीसदी वितरण के साथ सबसे पीछे है. वहीं जिले के अन्य प्रखंडों में पोर्टल पर वितरण की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर दिखाई दे रही है.

घाटशिला सबसे आगे, धालभूमगढ़ दूसरे स्थान पर

पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार घाटशिला में सबसे अधिक 80.42 फीसदी चावल का वितरण दिखाया गया है. धालभूमगढ़ 79.88 फीसदी के साथ दूसरे स्थान पर है. चाकुलिया ग्रामीण में 79.68 फीसदी और बोडाम में 76.76 फीसदी वितरण दर्ज किया गया है.

एक नजर में राशन का आंकड़ा

जिले में कुल राशन डीलर : 1,418

कुल ग्रीन कार्डधारी : 41,494

चावल पाने वाले कार्डधारी : 19,200

कुल आवंटन : 6,24,055 किलो

पोर्टल पर वितरित चावल : 3,00,824 किलो

पोर्टल के अनुसार वितरण : 48.2 फीसदी

बचा चावल : 3,23,231 किलो यानी 51.8 फीसदी

लाभुक बोले- तारीख मिलती है, राशन नहीं

राशन वितरण को लेकर लाभुकों की शिकायत भी सामने आ रही है. काली दास टूडू, सुखिया, कीमते ने बताया कि राशन दुकानों पर लाभुकों को तारीख पर तारीख दी जाती है, लेकिन समय पर राशन नहीं मिलता. उन्होंने कहा कि उनके जैसे सैकड़ों लोग इस परेशानी से जूझ रहे हैं. इस मामले को लेकर डीसी कार्यालय में ज्ञापन भी दिया गया है.

राहुल जी आनंद जी ने बताया कि पीडीएस दुकान पर जाने पर डीलर ने अनाज का उठाव नहीं होने की बात कहकर वापस भेज दिया. अगली तारीख पर पहुंचने पर भी चावल नहीं मिलने की जानकारी दी गयी. बार-बार ऐसा होने से लाभुकों को परेशानी हो रही है.

विभाग बोला- जल्द दूर होगी तकनीकी विसंगति

विभाग का कहना है कि ग्रीन राशन कार्ड योजना के तहत अनाज का उठाव और वितरण सुचारू रूप से चल रहा है. अगस्त में वितरण का काम करीब 90 फीसदी तक पूरा किया जा चुका है. ऑनलाइन डेटा सिंक होने में लग रहे समय के कारण पोर्टल पर आंकड़े कम दिखाई दे रहे हैं. विभाग के अनुसार जिले में अनाज का उठाव पूरा हो चुका है और अगले एक-दो दिनों में पोर्टल पर भी पूरी स्थिति अपडेट हो जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >