गांव के तालाब में दोस्तों संग नहाने गया था वीर मुंडा
Jamshedpur News :
गोविंदपुर थानांतर्गत मनपीटा गांव में घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में नहाने के दौरान डूबने से वीर मुंडा (7) की मौत हो गयी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया. घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है. वीर मुंडा का बिरसानगर जोन नंबर-1 में भी मकान है. उसके पिता मजदूरी का काम करते हैं. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार वीर मुंडा अपने कुछ दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था. जहां अचानक से वह गहरे पानी में चला गया. वीर को डूबता देख पास में स्नान कर रही महिलाओं ने शोर मचाना शुरू किया. इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने तालाब में छलांग लगायी. लेकिन वीर का पता नहीं चल पाया. घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी उसके परिजन को दी. इसके बाद परिवार और गांव के लोग तालाब पहुंचे. गांव के लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बच्चे अक्सर तालाब में नहाने के लिए जाते हैं, वीर भी नहाने पहुंचा था.करीब 45 मिनट के बाद वीर को बाहर निकाला गया
पुलिस ने बताया कि बच्चे के डूबने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंची. उसके बाद गांव के ही लोगों द्वारा तालाब में उसकी तलाश शुरू की गयी. करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद वीर मुंडा को तालाब से बाहर निकाला गया. उसके बाद लोग उसे जांच के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर गये, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद वीर मुंडा को मृत घोषित कर दिया.
