जमशेदपुर सोनारी के मौनी बाबा मंदिर परिसर स्थित गौशाला में शनिवार को रखे पुआल के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई. लपटें उठते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग व सोनारी पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाने की कवायद शुरू की.
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में संचालित गौशाला में करीब पांच गायें बंधी थीं और वहीं उनके चारे के लिए भारी मात्रा में पुआल जमा था. माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से पुआल ने आग पकड़ ली. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी गायों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
