बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के छोटा अर्जुना स्थित एनएच-49 किनारे फलक इंडस्ट्री फ्यूल प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार को अचानक आग लग गयी. तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की बात कही जा रही है. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इससे कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गयी.
घटना के समय अंदर काम कर रहे कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचायी. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. कंपनी एनएच-49 के किनारे स्थित होने के कारण आग की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया.
पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची आग की लपटें
कंपनी से महज करीब 50 मीटर की दूरी पर इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप स्थित है. आग की लपटें पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंचीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के दौरान पेट्रोल पंप के आसपास भी लोगों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बना रहा.
सुरक्षा मानकों की जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये हैं. ग्रामीणों का कहना है कि पेट्रोल पंप के इतने करीब इस तरह की औद्योगिक इकाई का संचालन सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर मामला है. भविष्य में ऐसी घटना होने पर जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है. लोगों ने प्रशासन से कंपनी के सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था तथा एनएच किनारे इसके संचालन से जुड़े नियमों की जांच कराने की मांग की है. आग के संबंध में कंपनी के कर्मचारियों ने आग लगने का कारण नहीं बता सके. बताया गया की कंपनी में लगभग 20 कर्मचारी काम करते हैं.
