जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में साइबर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ठगी का एक नया मामला टेल्को थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां शातिर साइबर ठगों ने झांसा देकर एक व्यक्ति के तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल 63,200 रुपये की अवैध निकासी कर ली. इस संबंध में पीड़ित टेल्को कॉलोनी क्रॉस रोड नंबर 13 क्वार्टर नंबर के2-33 निवासी राजेश गिरि ने टेल्को थाना में केस दर्ज कराया है.
केवाईसी अपडेट के नाम पर भेजा एपीके लिंक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 की शाम पीड़ित के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर (9282572549) से कॉल आया. फोन करने वाले ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि वह उनका केवाईसी फॉर्म भर देगा. इसके बाद ठग ने उनके व्हाट्सएप (6297676439) पर एक एपीके फाईल लिंक भेजा और उसे मोबाइल में खोलने को कहा. पीड़ित ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनका फोन हैक हो गया.
चार किस्तों में उड़ाये 63,200 रुपये
इसके बाद 6 सितंबर 2026 की शाम 4:30 से 5:00 बजे के बीच पीड़ित के मोबाइल से लिंक तीनों खातों यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक से पैसे कटने के मैसेज आने लगे. ठगों ने चार बार में कुल 63,200 रुपये (50,000 , 3,200, 2,000 , 8,000) निकाल लिये.
मामले की जांच में जुटी पुलिस पीड़ित ने पहले बिष्टुपुर स्थित साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी, जहां से उन्हें टेल्को थाने में मामला दर्ज कराने का निर्देश मिला. फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई और मामले की छानबीन कर रही है.
