जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे ने टाटानगर स्टेशन के बदले आदित्यपुर से चलने वाली चार मेमू पैसेंजर ट्रेनों के टर्मिनल बदलाव की अवधि को 15 दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया है. पूर्व में लागू यह व्यवस्था 27 जुलाई से 10 अगस्त तक के लिए थी, जिसे अब 11 से 25 अगस्त तक प्रभावी रखने का निर्णय लिया गया है. रेलवे प्रशासन के अनुसार, टर्मिनल शिफ्ट करने से टाटानगर यार्ड में ट्रेनों के दबाव और आउटर पर लगने वाले जाम में काफी कमी आयी है, जिससे ट्रेनों के समय पर संचालन में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है.
इन मेमू पैसेंजर ट्रेनों का बदला रहेगा टर्मिनल
68004 गुआ - टाटा मेमू पैसेंजर : अब आदित्यपुर तक ही चलेगी.
68019 टाटा - गुआ मेमू पैसेंजर : अब टाटानगर के बजाय आदित्यपुर से खुलेगी.
68020 गुआ - टाटा मेमू पैसेंजर : इसका अंतिम स्टेशन आदित्यपुर होगा.
68009 टाटा - चक्रधरपुर मेमू पैसेंजर : यह ट्रेन टाटानगर के स्थान पर आदित्यपुर स्टेशन से रवाना होगी.
समय पर चलने लगीं ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टाटानगर यार्ड में अक्सर ट्रेनों की आवाजाही अधिक होने के कारण पैसेंजर ट्रेनें लेट हो जाती थीं. आदित्यपुर से ट्रेनों का परिचालन होने के कारण यार्ड खाली रहता है और मेन लाइन पर ट्रैफिक सुचारू रहता है. इस सफल प्रयोग के बाद ही समय सीमा को 25 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि रेल मंडल की समयबद्धता बनी रहे.
