लाठीचार्ज के विरोध में आज भाजपा का झारखंड बंद, पूरे जिले में अलर्ट

रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने झारखंड बंद का आह्वान किया है. जमशेदपुर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच, स्कूलों को बंद रखने पर अभी कोई आधिकारिक आदेश नहीं है.

जमशेदपुर : रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 11 अगस्त मंगलवार को राज्यव्यापी बंद की घोषणा की. देर रात बंद की घोषणा होते ही पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया. जैसे ही बंद का संदेश आलाधिकारियों तक पहुंचा, प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गयी. आधी रात को ही अफसरों के फोन बजने शुरू हो गये. आनन-फानन में सुरक्षा का खाका तैयार किया गया. देर रात ही दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी किये गये. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक बंद का आह्वान किया है. इसके बाद पूरे जमशेदपुर जिले को हाई अलर्ट पर रखते हुए अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा गया है.

स्कूल बंद को लेकर कोई आधिकारिक आदेश नहीं

मंगलवार के बंद को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों को बंद रखने को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है. हालांकि, प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि बंद के दौरान आम लोगों और विद्यार्थियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी. कानून हाथ में लेने या उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा. शहर में शांति और विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए 10 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे से ही अगले आदेश तक बीएनएसएस की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू की गयी है. इसके तहत 5 या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर इकट्ठा होने, बिना अनुमति जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन या जनसभा करने पर पूरी तरह रोक लगायी गयी है.

सुबह 6 बजे से मोर्चा संभालेंगे 630 जवान और 73 मजिस्ट्रेट

जिले के 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 मजिस्ट्रेट और 20 पुलिस अफसरों की तैनाती की गयी है. सभी अधिकारी और जवान सुबह 6 बजे से ही सड़कों पर मोर्चा संभाल लेने को कहा गया है. धालभूम और घाटशिला के अनुमंडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के ओवरऑल प्रभारी होंगे. जबकि अपर उपायुक्त अनुराग कुमार तिवारी, नगर एसपी ललित मीणा और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल संयुक्त रूप से कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगे. गोलमुरी पुलिस केंद्र से 10 विशेष मोबाइल दस्ता तैनात किये गये हैं, जो सीसीआर डीएसपी के सीधे नियंत्रण में रहेंगे. गोलमुरी, मानगो, घाटशिला और बहरागोड़ा में फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट रहने का आदेश दिया गया है.

बसों के परिचालन पर सुबह हालात देखकर फैसला

शिक्षित बेरोजगार मिनी बस एसोसिएशन के महामंत्री विवेक सिंह और जमशेदपुर बस ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक उपेंद्र शर्मा के अनुसार, बसों पर पथराव या नुकसान की आशंका को देखते हुए बस मालिक सुबह के हालात देखकर ही वाहनों के परिचालन का निर्णय लेंगे. कुछ ऐसा ही शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक- संचालक संघ के महामंत्री श्याम किंकर झा ने कहीं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >