जमशेदपुर : बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड में जेल में बंद भाजपा नेता और डीडी बार संचालक नीरज सिंह को अदालत से राहत नहीं मिली है. एडीजे-2 की अदालत में हुई सुनवाई के बाद गंभीर आरोपों को देखते हुए कोर्ट ने नीरज सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी है. नीरज सिंह की बेल अर्जी पर शुक्रवार को एडीजे-2 की अदालत में सुनवाई हुई. अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया. इससे नीरज सिंह को बड़ा झटका लगा है.
क्या है पूरा मामला
बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर 27 जून की रात विवाद के बाद हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर हमला हुआ था. हमले में हिमांशु सिंह की मौत हो गयी थी, जबकि प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे. इस मामले में डीडी बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया. पुलिस ने नीरज सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उन्हें जमशेदपुर लाया गया और न्यायिक हिरासत में भेजा गया. मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पहले भी नहीं मिली थी राहत
नीरज सिंह की जमानत को लेकर इससे पहले भी अदालत में सुनवाई हो चुकी है. एडीजे-2 की अदालत ने पहले केस डायरी तलब की थी और सुनवाई आगे बढ़ी थी. अब गंभीर आरोपों को देखते हुए अदालत ने उनकी बेल अर्जी खारिज कर दी है.
