जमशेदपुर के एमजीएम कॉलेज की लाइब्रेरी में बैट्री किया ब्लास्ट, मची अफरा-तफरी

Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज की लाइब्रेरी भवन के नीचे लगी सोलर बैट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई. होमगार्ड जवानों और दमकल विभाग की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

जमशेदपुर से चंद्रशेखर की रिपोर्ट

Jamshedpur News: जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लाइब्रेरी भवन के नीचे लगे सोलर पैनल की बैट्री में अचानक ब्लास्ट हो गया. बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण बैट्री में आग लग गई, जिसके बाद देखते ही देखते पूरा लाइब्रेरी क्षेत्र धुएं से भर गया. घटना के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर में मौजूद छात्रों, कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया. आग की वजह से लाइब्रेरी और कैफेटेरिया के आसपास का इलाका पूरी तरह धुएं की चपेट में आ गया था.

होमगार्ड जवानों ने दिखाई तत्परता

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल और कॉलेज में तैनात होमगार्ड जवान तुरंत मौके पर पहुंचे. जवानों ने बिना समय गंवाए वहां मौजूद पांच फायर एक्सटिंग्विशर यानी अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. होमगार्ड जवानों की तत्परता के कारण आग पर शुरुआती स्तर पर ही काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया. इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैटरियों में अचानक हुए ब्लास्ट के कारण आग तेजी से फैलने लगी थी. यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यह आग बड़ा रूप ले सकती थी और मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ा हादसा हो सकता था.

लाइब्रेरी और कैफेटेरिया में भर गया धुआं

आग लगने के बाद लाइब्रेरी भवन और उसके पास स्थित कैफेटेरिया में घना धुआं भर गया. इससे वहां मौजूद लोगों को बाहर निकालना पड़ा. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. कॉलेज प्रशासन ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए संबंधित क्षेत्रों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा. आग बुझने के बाद भी काफी देर तक परिसर में धुएं का असर बना रहा.

बड़ा हादसा टलने से प्रशासन ने ली राहत की सांस

मौके पर मौजूद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सहित कई डॉक्टर और कर्मचारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थे. आग पर नियंत्रण मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन ने राहत की सांस ली. आग बुझाने में होमगार्ड जवान अखिलेश ओझा, योगेंद्र शर्मा, पंकज कुमार झा, प्रदीप मिश्रा और संजय कुमार प्रसाद समेत कई जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनकी सक्रियता की लोगों ने सराहना भी की.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग को मिले नये डीटीओ, उत्तरी छोटानागपुर में पहली बार महिला बनीं आरटीए सचिव

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सोलर बैट्री रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए समय-समय पर विद्युत उपकरणों और बैटरियों की जांच जरूरी है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को घटना की वजह माना जा रहा है. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

इसे भी पढ़ें: दो हफ्ते के अंदर जोजोबाटा में लगेगा चापाकल, अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक दशरथ गागराई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >