जमशेदपुर: करियर का लक्ष्य सिर्फ अच्छी नौकरी और बड़ा पैकेज हासिल करना नहीं होना चाहिए. सफलता पाने के लिए लगातार सीखने और कुछ नया करने की सोच विकसित करना जरूरी है. यह बातें 'सुपर 30' के संस्थापक और प्रसिद्ध गणितज्ञ आनंद कुमार ने कहीं.
वे रविवार को एक्सएलआरआई के टाटा ऑडिटोरियम में आयोजित अरका जैन विश्वविद्यालय के दो दिवसीय वार्षिक इंडक्शन समारोह 'आरंभ-2026' के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने छात्रों के साथ सफलता, संघर्ष और कौशल विकास से जुड़े अपने अनुभव साझा किए.
रटने की नहीं, इनोवेटिव सोच की है जरूरत
आनंद कुमार ने कहा कि सफलता के लिए रटने की आदत छोड़कर इनोवेटिव थिंकिंग अपनानी होगी. छात्रों को समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कोई भी काम करते समय यह सोच होनी चाहिए कि उसे सबसे बेहतर तरीके से कैसे किया जा सकता है.
पेपर लीक से निराश न हों छात्र
पेपर लीक के मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से अभ्यर्थियों को निराश नहीं होना चाहिए. उन्हें उम्मीद है कि सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी.
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा.
