रासायनिक स्प्रे कर दो घंटे तक अधिवक्ता के परिवार को रखा बेहोश, फिर इस तरह घटना को दिया अंजाम

हल्दीपोखर के हृदयनगर में अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में हुई चोरी की घटना ने सबको चौंका दिया है. चोरों ने रासायनिक स्प्रे का इस्तेमाल कर परिवार को बेहोश कर दिया और आभूषण व नकदी लूट ले गए.

हल्दीपोखर : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित हृदयनगर में अधिवक्ता जावेद जमाल के घर में 13 सितंबर की रात हुई चोरी मामले में पीड़ित ने पुलिस से तीन दिनों के भीतर घटना का खुलासा करने की मांग की है. मंगलवार को तेंतला में आयोजित प्रेसवार्ता में अधिवक्ता जावेद जमाल ने आरोप लगाया कि चोरी की घटना के दौरान चोरों ने रासायनिक स्प्रे का इस्तेमाल कर परिवार के सदस्यों को करीब दो घंटे तक लगभग हाउस अरेस्ट जैसी स्थिति में रखा. उन्होंने इसे ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध का नया तरीका बताया.

घर से आभूषण और नकद ले गए चोर

जावेद जमाल के अनुसार, चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 95 हजार रुपये नकद ले गये. घटना के दौरान परिवार के सदस्यों की आंखों में जलन तथा अन्य प्रतिकूल प्रभाव महसूस हुए और वे कुछ समय के लिए लगभग बेसुध अवस्था में रहे. उन्होंने बताया - प्रारंभिक सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में रात करीब दो से तीन बजे के बीच छह संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास दिखाई दे रहे हैं. इनमें एक व्यक्ति बाहर तथा पांच घर के अंदर की ओर जाते दिख रहे हैं. सभी के चेहरे कपड़े से ढके थे और कुछ के हाथों में थैले भी नजर आ रहे हैं. फुटेज में तीन बार टॉर्च की रोशनी दिखाई देने की बात भी कही गयी है.

चोरी किए गए सामानों को बरामद करने की मांग

अधिवक्ता ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा चोरी किए गये सामान और नकदी की बरामदगी की मांग की. उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है. घटना में परिवार के सदस्यों की जान को भी खतरा होने की आशंका बनी. स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. प्रेसवार्ता में पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, सुनील महतो, सैयद समीउल्लाह, सरताज आलम एवं अमीर मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय सरदार

संजय सरदार को पत्रकारिता का 24 वर्षों का अनुभव हैं. वे वर्ष 2002 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातक किया है. ग्रामीण पत्रकारिता पर काफी काम किया है. वर्तमान में वे हाता से प्रतिनिधि हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >