हंगामे की भेंट चढ़ी एडीएल सोसाइटी की आमसभा, पुलिस की मौजूदगी में हाथापाई

एडीएल सोसाइटी: पूर्व विवाद-हंगामे की भेंट चढ़ा आमसभा,रद्द, गुरुनाथ गुट ने हॉल में मेंबरों को प्रवेश से रोका, एक नॉन मेंबर, चार मेंबर के साथ धक्का-मुक्की व हाथापाई, दोनों पक्ष ने थाने में की शिकायत

ईश्वर राव और गुरुनाथ राव गुटों में टकराव, सदस्यों को नहीं मिली एंट्री, सभा रद्द

तीन घंटे तक एडीएल सोसायटी गेट के अंदर और बाहर तनावपूर्ण माहौल बना रहा.

थाना प्रभारी पहुंचे और धालभूम एसडीओ को वस्तुस्थिति की जानकारी दी.

फोट ऋषि

मुख्य संवाददाता, जमशेदपुर

कदमा स्थित एडीएल सोसायटी एक बार फिर पुराने विवादों की चपेट में आ गया. रविवार को प्रस्तावित आमसभा (एजीएम) शुरू होने से पहले ही दो गुटों के बीच जमकर हंगामा, धक्का-मुक्की और अंततः हाथापाई की नौबत आ गयी. विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस व क्यूआरटी की मौजूदगी के बावजूद सैकड़ों सदस्य सभा में शामिल नहीं हो सके और अंततः आमसभा रद्द कर दी गयी.

सोसायटी में वर्षों से चल रहे ईश्वर राव और गुरुनाथ राव गुट के आपसी विवाद एक बार फिर गहरा गया. आमसभा शाम 5.30 बजे से निर्धारित थी, लेकिन हंगामा चार बजे से ही शुरू हो गया. गुरुनाथ गुट द्वारा सभा को अवैध बताते हुए विरोध शुरू किया गया, जबकि अध्यक्ष ईश्वर राव गुट के सदस्यों को सभा में जाने से रोका गया. स्थिति इतनी बिगड़ गयी कि पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों गुट आमने-सामने हो गए और हाथापाई की. सात बजे तक सभा में नहीं पहुंचने पर आमसभा रद्द कर दी गयी.

गेट पर लगा दिया गया था ताला, कई सदस्य लौटे घर

सभा शुरू होने से पहले ही स्कूल परिसर के मुख्य द्वार पर विपक्षी गुट ने ताला जड़ दिया. इससे कोई भी सदस्य अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहा था. बाद में पुलिस और कमेटी के हस्तक्षेप से ताला खोला गया. लेकिन तनावपूर्ण माहौल के कारण कई सदस्य सभा में शामिल नहीं हो सके और वापस लौट गये.

चार मेंबर और एक नॉन-मेंबर को प्रवेश से रोका

सभा स्थल पर मौजूद गुरुनाथ गुट के समर्थकों ने चार मेंबर एस. दुर्गाप्रसाद शर्मा, सीएच. रमणा, अरविंद मूर्ति और एम चंद्रशेखर राव व गैर-सदस्य डब्ल्यू सूर्या को हॉल में प्रवेश से रोका. विरोध के दौरान पहले तू तू-मैं मैं, फिर धक्का-मुक्की और अंत में हाथापाई तक बात पहुंच गयी.

थाने में दोनों पक्षों की शिकायत

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी. एक ओर एसपी दुर्गाप्रसाद शर्मा ने गुरुनाथ राव व अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया, वहीं दूसरी ओर गुरुनाथ राव ने भी शर्मा व अन्य के खिलाफ शिकायत दी है.

सत्ता पक्ष का आरोप : मारपीट, जबरन रोका गया मेंबरों को

गुरुनाथ राव और उनके समर्थकों ने सदस्यों को सभा में जाने से जबरन रोका. एक सदस्य जब गेट के भीतर चला गया तो उसे खींचकर बाहर निकाल कर हाथापाई की गयी. यह शर्मनाक और आपत्तिजनक है. पुलिस और प्रशासन ने स्थिति का जायजा लिया. ऐसी स्थिति में कमेटी ने आमसभा न कराने का निर्णय लिया. हम एसडीओ के समक्ष अपनी बात रखेंगे और फिर आमसभा और चुनाव कराएंगे.

वाई. ईश्वर राव, अध्यक्ष, एडीएल सोसायटी, कदमा

विपक्ष का आरोप: प्रशासनिक अनुमति के बिना हो रही थी एजीएम

ईश्वर राव और उनकी टीम बिना प्रशासनिक अनुमति के एजीएम कर रहे थे. हमने इसका विरोध किया. वर्ष 2022 में मुझ पर दबाव बनाकर गलत काम करवाने की कोशिश की गयी थी. जब मैंने इनकार किया तो मुझे पद से हटा दिया गया. फिर नागेश नायडू को महासचिव बनाकर शिक्षकों की अवैध नियुक्तियां की गयीं. इन अनियमितताओं को लेकर मैंने शिकायत की है, जिसकी जांच चल रही है.

के. गुरुनाथ राव, पूर्व महासचिव, एडीएल सोसायटी

पुलिस बोली: दोनों पक्षों को शांत किया गया, जांच जारी

आंध्रावासी समाज की एडीएल सोसाइटी में पहले से विवाद चल रहा है. एक पक्ष आमसभा कर रहा था, दूसरा पक्ष उसका विरोध कर रहा था. विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया. दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. वस्तुस्थिति की जानकारी वरीय अधिकारियों व एसडीओ को दी गयी है. मामले की जांच की जा रही है.

आलोक दुबे, थाना प्रभारी, कदमा

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: KUMAR ANAND

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >