जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के किडनी मरीजों को मिलेगी सुविधा
Jamshedpur News :
एमजीएम अस्पताल में इलाज कराने आने वाले किडनी के मरीजों को जांच की सुविधा मिल रही है. वहीं, इन मरीजों को अब डायलिसिस के लिए दूसरे अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी. एमजीएम अस्पताल में जल्द ही 10 बेड का डायलिसिस सेंटर खोलने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. इसके लिए स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की राज्य योजना के तहत दो करोड़ दो लाख 40 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है.एमजीएम में डायलिसिस यूनिट शुरू होने से जमशेदपुर और आसपास के इलाकों के किडनी मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी. इसकी जानकारी देते हुए एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ बलराम झा ने बताया कि विभाग से डायलिसिस सेंटर खोलने की स्वीकृति मिलने के बाद अस्पताल में इसको खोलने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. इसके लिए जगह का चयन किया जा रहा है. इसके साथ ही इसमें लगने वाले उपकरणों की खरीदारी के लिए जल्द ही टेंडर निकाला जायेगा.उपकरणों की होगी खरीदारी
एमजीएम अस्पताल में खुलने वाले 10 बेड के डायलिसिस सेंटर के लिए 84 लाख की लागत से 10 हीमोडायलिसिस मशीनें खरीदी जायेंगी. वहीं, 55 लाख की लगात से आरओ वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जायेगा. इसके साथ ही दस डायलिसिस बेड और कुर्सियों, मल्टी पैरामीटर मॉनिटर, डिफिब्रिलेटर, सेक्शन मशीन, वेइंग स्केल और रेफ्रिजरेटर, फर्नीचर सहित अन्य उपकरणों की खरीदारी की जायेगी. इसके साथ ही इलेक्ट्रिक कार्य व सिविल वर्क का काम कराने के लिए कहा गया है. विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी उपकरणों की खरीदारी ओपन टेंडर, इ-टेंडर या जेम पोर्टल से की जाये.
