जमशेदपुर : जुगसलाई थानांतर्गत रेलवे फाटक के पास मारपीट छुड़ाने गई पुलिस बल के साथ तीन युवक उलझ गए. तीनों युवक पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने लगे. हथियार छिनने का भी प्रयास किया. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. तीनों से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने तीनों को सोमवार को जेल भेज दिया. जेल जाने वालों में गोलपहाड़ी निवासी गौरव कुमार साव, साकची जेल चौक निवासी सचिन सिंह और उलीडीह निवासी विकास धान शामिल हैं.
सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस
इस मामले में जुगसलाई थाना के एएसआई गोपाल पांडेय के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और सरकारी हथियार छीनने के प्रयास का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है. घटना रविवार शाम की है.
नशे की हालत में थे तीनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार जुगसलाई रेलवे फाटक के पास टेंपो चालक का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसके बाद उन दोनों के बीच मारपीट होने लगी. सूचना पर जुगसलाई पुलिस फौरन मौके पर पहुंची. विवाद के बारे में जानकारी लेने और विवाद को समाप्त कराने का प्रयास किया, तो तीनों युवक मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से ही उलझ गए. तीनों पुलिसकर्मियों को ही धक्का देने लगे. नशे की हालत में मौजूद तीनों युवकों ने पुलिस से मारपीट करना शुरू कर दिया. उसके बाद उन युवकों ने पुलिसकर्मियों के पास मौजूद सरकारी हथियार छीनने का भी प्रयास किया. इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों युवकों को पकड़ लिया.
