जोजोबेड़ा पावर प्लांट की ठेका कंपनी के सुपरवाइजर की हत्या

जमशेदपुर : जोजोबेड़ा पावर प्लांट की ठेका कंपनी के सुपरवाइजर राजकिशोर सिंह उर्फ मंटू सिंह (47) की शनिवार देर रात हत्या कर दी गयी. उनका शव परसुडीह थाना क्षेत्र के बामनगोड़ा सोपोडेरा छठ तालाब के पास से बरामद किया गया. बारीगोड़ा कृति मैदान के पास रहने वाले राजकिशोर सिंह का शव उनके बेटों ने सुबह […]

जमशेदपुर : जोजोबेड़ा पावर प्लांट की ठेका कंपनी के सुपरवाइजर राजकिशोर सिंह उर्फ मंटू सिंह (47) की शनिवार देर रात हत्या कर दी गयी. उनका शव परसुडीह थाना क्षेत्र के बामनगोड़ा सोपोडेरा छठ तालाब के पास से बरामद किया गया. बारीगोड़ा कृति मैदान के पास रहने वाले राजकिशोर सिंह का शव उनके बेटों ने सुबह 7.30 बजे कलवर्ट के नीचे से बाहर निकाला.

शव के चेहरे व नाक पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे खून का रिसाव हो रहा था. घटनास्थल से शराब व पानी की खाली बोतलें, प्लास्टिक के ग्लास मिले हैं. राजकिशोर सिंह का मोबाइल भी मौके से बरामद किया गया. पुलिस मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाल रही है. रविवार की देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया
पूर्व में भी मारी गयी थी एक युवक को गोली
स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पूर्व भी उक्त स्थान पर एक युवक को गोली मारी गयी थी, जिसे घायलावस्था में पुलिस इलाज कराने ले गयी थी. लोगों के अनुसार कल्वर्ट पर देर रात तक शराबियों व असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. यहां अक्सर मारपीट की घटनाएं होती है.
सोपोडेरा तालाब के पास फेंकी लाश
चेहरे व नाक पर गंभीर चोट के निशान
बारीगोड़ा कृति मैदान के पास रहते थे राजकिशोर सिंह
घटनास्थल के पास से शराब की बोतलें व ग्लास बरामद
हर दिन की तरह टहलने निकले थे, नहीं लौटे घर
राजकिशोर सिंह हर दिन की तरह शनिवार की शाम छह बजे टहलने निकले थे. पुत्र अमित व सुमित ने बताया, रात 11 बजे तक वे घर नहीं लौटे. मोबाइल पर फोन करने पर उन्होंने रिसीव नहीं किया. बाद में मोबाइल ऑफ हो गया. उनकी तलाश की गयी, लेकिन कुछ पता नहीं चला.
बेटे संभालते थे कारोबार
राजकिशोर सिंह जोजोबेड़ा पावर प्लांट में एक ठेका कंपनी में सुपरवाइजर थे. उनकी यश कंस्ट्रक्शन फॉर्म और यश ट्रेवल एजेंसी थी. यश कंस्ट्रक्शन फॉर्म का काम छोटा बेटा सुमित सिंह व ट्रेवल एजेंसी का काम बड़ा बेटा अमित सिंह देखता है. दोनों फॉर्म को राजकिशोर ने ही बनाया था.
बेटे ने अपनी पत्नी व उसके परिवार पर लगाया पिता की हत्या का आरोप
राजकिशोर सिंह उर्फ मंटू के बड़े पुत्र अमित ने अपने पिता की हत्या के पीछे अपनी पत्नी सृष्टि सिंह, उसके पिता अजय सिंह व ससुराल के लोगों का हाथ बताया है. अमित ने बताया, उसकी शादी हजारीबाग की सृष्टि से अप्रैल 2018 में ही हुई थी. शादी के दो माह बाद ही पत्नी झगड़ा-करने लगी और मायके चली गयी.
आठ दिसंबर को सृष्टि के पिता और ससुराल के लोगों ने घर आकर मारपीट की और जेवर व नकद ले भागे. दो अगस्त को भी इन लोगों ने आकर मारपीट की थी. अमित ने बताया पिता की हत्या के पीछे उसकी पत्नी और ससुर का हाथ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >