चांडिल डैम के 13 और गालूडीह बराज के 5 फाटक खुले, खरकई खतरे के निशान के करीब पहुंची

जमशेदपुर में खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. आदित्यपुर ब्रिज के पास जलस्तर 128.90 मीटर दर्ज किया गया. प्रशासन ने चांडिल डैम और गालूडीह बराज से पानी की निकासी तेज कर दी है.

जमशेदपुर : खरकई नदी का जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है. आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई का जलस्तर मंगलवार की दोपहर में बढ़ते हुए 128.90 मीटर तक पहुंच गया, जबकि खतरे का निशान 129.00 मीटर है. हालांकि, शाम को यहां जलस्तर 128.85 मीटर दर्ज की गयी. वहीं, मानगो ब्रिज के पास सुवर्णरेखा नदी 118.46 मीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान 121.50 मीटर से 3.04 मीटर नीचे है. बाढ़ नियंत्रण कक्ष और जिला प्रशासन की ओर से तटीय क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है.

पानी की निकासी तेज कर दी गयी

सुवर्णरेखा परियोजना प्रक्षेत्र में लगातार हो रहे जलप्रवाह के बीच चांडिल डैम और गालूडीह बराज से पानी की निकासी तेज कर दी गयी है. मंगलवार की शाम 6 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, चांडिल डैम से कुल 583.28 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए डैम के 13 रेडियल गेटों से 445.79 क्यूमेक्स, 2 इमरजेंसी स्लुइस गेटों से 117.49 क्यूमेक्स तथा 2 रिवर स्लुइस गेटों से 4.42 क्यूमेक्स पानी सीधे सुवर्णरेखा नदी में प्रवाहित हो रहा है. इसके अलावा एक नहर गेट खोलकर 15.58 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. उधर, गालूडीह बराज पर रात 8 बजे पॉन्ड लेवल 92.20 मीटर रिकॉर्ड किया गया. यहां जलस्तर में गिरावट देखी गयी. बराज के 5 स्पिलवे गेट खोलकर नदी में 1061.58 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है. इसके अलावा जीआरएमसी कैनाल के 3 फाटकों से 5.72 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया, जबकि जीएलएमसी नहर बंद रही.

गंजिया बराज के सभी गेट खुले

खरकई नदी पर स्थित गंजिया बराज के सभी छह गेट पूरी तरह खुले हैं. इन गेटों से 589.61 क्यूमेक्स पानी प्रवाहित हो रहा है. प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर और तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >