सरायकेला: सरायकेला थाना अंर्तगत महालीमुरूम स्टेशन के समीप जैप जवान कृष्णा महतो (30वर्ष) की क्षत -विक्षत लाश पुलिस ने बरामद की है. परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जतायी है.
जवान खरसावां के सांतारी गांव का रहने वाला था. वह जैप जमशेदपुर में पदस्थापित था. छुट्टी लेकर घर आया हुआ था. परिजनों के मुताबिक छह जून को कृष्णा महालीमुरूप बाजार खरीदारी करने के लिए गया था. उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला. शनिवार को लोगों ने स्टेशन के समीप उसकी लाश देखी.
तत्काल सीनी ओपी पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है. शव की पहचान सांतारी गांव के कृष्णा महतो के रूप में की गयी. जैप बल में उसका बैज संख्या 2492 है. सीनी ओपी प्रभारी रामाकांत दीक्षित ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है. इधर, जैप 6 जमशेदपुर के कमांडेंट पंकज कंबोज ने बताया कि जैप जवान की लाश पाये जाने के संबंध में संबंधित थाना द्वारा जैप 6 में किसी तरह की सूचना नहीं दी है तथा जवान के छुट्टी में रहने के कारण उसके संबंध में किसी तरह की सूचना जैप 6 को प्राप्त नहीं है.
