जमशेदपुर : भाजपा ने तय किया है कि कोल्हान की सभी 14 विधानसभा और दोनों संसदीय सीट पर जीत दर्ज करनी है. इसे लेकर कोल्हान प्रमंडलीय पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में हुई. मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ एवं संगठन महामंत्री धर्मपाल ने नेताओं व कार्यकर्ताओं को बूथ पर मजबूती से काम करने की सलाह दी़
पद लेकर नदारद रहनेवालों को फौरन हटायें : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन के बारे में टिप्स देते हुए जोश भरने की कोशिश की.
कहा कि जिले से लेकर बूथ कमेटियों तक के सभी पद महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी भरे हैं, ना कि शोभा बढ़ाने के लिए. उन्होंने महागठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि एजेंडा विहीन पार्टियां मोदी और भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए एकजुट हो गयी हैं. महागठबंधन की हवा निकालने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का परिवार ही सक्षम है. जनता अपने मत से महागठबंधन मुक्त भारत का जनादेश देगी.
एक अच्छे खिलाड़ी की तरह भाजपा 2014 के अपने ही रिकॉर्डों को तोड़ने के लिए चुनावी मैदान में उतरेगी. श्री दास ने कहा कि कोल्हान की लोकसभा की दो सीटों के साथ ही सभी 14 विधानसभा सीटों को भी जीतना है.
हर बूथ पर कमल खिलाने को तैयार रहें कार्यकर्ता : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि केंद्र और राज्य में पुनः बहुमत की सरकार स्थापित करने के लिए पार्टी संकल्पित है. बूथ सशक्तीकरण हमारी प्राथमिकता है. हर लोकसभा और विधानसभा में जीत निश्चित करने के लिए सभी बूथों पर कमल खिलाने को कार्यकर्ता कमर कस लें.
