जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही माेबाइल चोरी की घटनाओं पर थाना प्रभारी रविवार को लोगों की सतर्कता देखने निकले. थाना प्रभारी भूषण कुमार ने सादे लिबास में पॉकेटमारों की तरह संडे मार्केट में सब्जी खरीदने आये लोगों के जेब से मोबाइल निकाल लिया. बारी-बारी से दस लोगों का फोन चोरी कर थाना प्रभारी थाने में जाकर बैठ गये. थाना प्रभारी भूषण कुमार ने बताया कि संडे मार्केट में मोबाइल चोरी की लगातार शिकायतें मिल रहीं थी.
इसके बाद जांच के पाया गया कि सब्जी खरीद रहे कई लोगों ने लापरवाही से शर्ट व ट्रैकशूट की जेब में अपना मोबाइल रखा है. उनका मोबाइल आधा बाहर निकला है. थानेदार ने खुद ऐसे लोगों की जेब से मोबाइल निकाल लिया और कुछ देर वहीं खड़े रहे. बाद में वह थाना आ गये. वहीं, सादी वर्दी में पुलिस के जवान सभी लोगों पर नजर रख रहे थे. सब्जी खरीदने वालों को जब मोबाइल गायब होने का पता चला, तो सभी दस लोग बारी-बारी से मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचे.
थाना में प्रभारी ने सभी से मोबाइल चोरी होने की जानकारी ली. इसके बाद सबका मोबाइल सामने टेबुल पर रख दिये. मोबाइल देखकर सभी हैरान रह गये. इसके बाद थाना प्रभारी ने लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगह बाजार, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर चौकस रहने और सामानों पर ध्यान देने की ताकीद की और मोबाइल उनके सुपुर्द कर दिया.
दुकानदारों को किया जागरूक. बिरसानगर पुलिस ने संडे मार्केंट में लगने वाली सभी दुकानों के मालिकों को भी जागरूक किया. उन्होंने दुकानदारों को बताया कि अगर कोई ग्राहक मोबाइल को शर्ट की जेब में रखा दिखे तो उन्हें मोबाइल और पर्स को सुरक्षित ढंग से रखने को कहे. किसी भी संदिग्ध युवक अथवा चोर-उचक्का गिरोह की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
सादे लिबास में तैनात रहते हैं जवान
थाना प्रभारी भूषण कुमार ने बताया कि संडे मार्केट में भीड़ ज्यादा होने के कारण चोर गिरोह के लोग लगातार लोगों का पर्स और मोबाइल की चोरी करते है. ऐसे में गिरोह के लोगों पर नजर रखने के लिए महिला और पुलिस जवानों को सादे लिबास में बाजार परिसर में तैनात किया गया है. ताकि किसी भी लोगों की पॉकेटमारी नहीं हो सके.
