कटकमसांडी. कटकमदाग थाना क्षेत्र के पननवाटांड़ जंगल में डोरी चुन रही महिला को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पिंटू यादव व उसके पिता कौलेश्वर यादव उर्फ झुमर यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. दोनों आरोपी घायल महिला के गांव के ही हैं. डीएसपी ज्ञान रंजन एवं कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि चतरा जिला के सिमरिया प्रखंड अंतर्गत शिला ओपी क्षेत्र के चोपे गांव निवासी शांति देवी ने उक्त दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. आरोपियों को संदेह था कि महिला के कथित डायन-बिसाही के कारण कौलेश्वर यादव की पत्नी लकवाग्रस्त हुई थी. इसी संदेह में आठ जून को जंगल में जोरी चुन रही शांति देवी पर गोली चलायी गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी थी. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर है. हजारीबाग और चतरा पुलिस की संयुक्त छापेमारी में उक्त दोनों को गिरफ्तारी हुई. पुलिस आगे की जांच में जुटी है.
डोरी चुन रही महिला को मारी थी गोली, पिता-पुत्र गिरफ्तार
डायन-बिसाही के संदेह में महिला पर की थी फायरिंग
