हजारीबाग: संत किरण स्कूल हॉस्टल की घायल वार्डन मिली सनियाल की इलाज के दौरान बुधवार की अहले सुबह रांची के मेडिका अस्पताल में मौत हो गयी. वह करीब 25 वर्षों से संत किरण स्कूल हॉस्टल में वार्डन के पद पर कार्यरत थीं. उनके निधन से स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं में शोक की लहर है.
मिली सनियाल मूल रूप से पुरुलिया की रहने वाली थीं. वह अविवाहित थीं और लंबे समय से हॉस्टल में रहकर छात्राओं की देखभाल कर रही थीं. स्कूल प्रबंधन के अनुसार, उन्होंने अपना पूरा जीवन हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की सेवा और उनके भविष्य को संवारने में लगा दिया.
कार के धक्के से हुई थी गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार, एक सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे हजारीबाग की मुख्य सड़क पर संत किरण स्कूल गेट के समीप कार ने वार्डन मिली सनियाल को जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया था. गंभीर रूप से घायल मिली सनियाल को प्राथमिक उपचार के लिए क्षितिज अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया था. इलाज के दौरान बुधवार की अहले सुबह उनकी मौत हो गयी.
कार जब्त, चालक गिरफ्तार
घटना के बाद कोर्रा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल कार जेएच-02 बीडी-7070 को जब्त कर लिया है. पुलिस ने चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस के अनुसार कार डेमोटांड से न्यू बस स्टैंड की ओर जा रही थी. इसी दौरान संत किरण स्कूल के पास वार्डन को टक्कर लगी.
कोर्रा पुलिस चालक और वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
छात्राओं से मां जैसा था रिश्ता
संत किरण स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने बताया कि मिली सनियाल बेहद मृदुभाषी थीं. हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं से उनका मां जैसा स्नेह था. दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं की देखभाल में वह हमेशा आगे रहती थीं.
स्कूल की प्राचार्य कृति लता नाग ने कहा कि मिली सनियाल ने करीब 30 वर्षों तक हॉस्टल की छात्राओं की सेवा की. उन्होंने विवाह नहीं किया, लेकिन हॉस्टल में रहने वाली करीब 200 छात्राओं के लिए वह मां की तरह थीं. उनके निधन से छात्राओं ने अपनी एक ऐसी संरक्षक खो दी है, जो हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहती थीं.
प्राचार्य ने की चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग
प्राचार्य कृति लता नाग ने कोर्रा थाना में आवेदन देकर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि चालक नशे में और लापरवाही से तेज गति में वाहन चला रहा था. प्राचार्य ने कहा कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि चालक की लापरवाही का गंभीर मामला है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
उन्होंने बताया कि रांची से शव को हजारीबाग लाया जाएगा. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को उनके पैतृक गांव पुरुलिया ले जाया जाएगा.
मिली सनियाल के निधन से संत किरण स्कूल परिवार ने एक ऐसी वार्डन को खो दिया, जिसने अपने जीवन के कई वर्ष छात्राओं की देखभाल और उन्हें बेहतर भविष्य देने में समर्पित कर दिये.
