बरकट्ठा: हजारीबाग जिले के चलकुशा प्रखंड क्षेत्र के रागडीह गांव में एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाले नाबालिग प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने जंगल में पकड़ लिया. इसके बाद दोनों के परिजनों की सहमति से मंदिर में उनकी शादी करा दी गयी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
परिजनों को बताया झंडोतोलन करने जा रहे हैं स्कूल
जानकारी के अनुसार,दोनों नाबालिगों के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध होने की बात बतायी जा रही है. 15 अगस्त को दोनों अपने-अपने घरों से स्कूल में झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर निकले थे. इसके बाद दोनों स्कूल से निकलकर जंगल की ओर चले गये. दोनों के जंगल की ओर जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की. ग्रामीणों ने दोनों को जंगल में पकड़ लिया. इसके बाद मामले की जानकारी उनके परिजनों को दी गयी.
परिजनों की सहमति के बाद हुई शादी
बताया गया कि ग्रामीणों के प्रयास से दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई. परिजनों की सहमति के बाद शनिवार को बेड़ोकला स्थित एक मंदिर में दोनों की शादी करा दी गयी. इस दौरान दोनों के परिजन और ग्रामीण मौजूद रहे. घटना के बाद मंदिर में शादी से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने की बात कही जा रही है. नाबालिगों से जुड़ा मामला होने के कारण घटना की कानूनी स्थिति और आगे की कार्रवाई संबंधित अधिकारियों के स्तर पर स्पष्ट की जानी बाकी है.
ये भी पढ़ें: अद्भुत है रामगढ़ की टूटी झरना शिव मंदिर, जहां वर्षभर होता है महादेव का जलाभिषेक
