लेखाजोखा: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृषण किशोर ने पेश किया झारखंड का बजट हजारीबाग. सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह बजट अबुआ सरकार की राग अलापने वाली गठबंधन सरकार की झारखंड की जनता को बबुआ बनाने वाला बजट है. इस बजट से झारखंडियों का कोई भला नहीं होना वाला है. झारखंड की जनता को इस बजट से काफी उम्मीद थी, लेकिन इस बजट में बेरोजगार युवाओं के सपने को चकनाचूर कर दिया गया. मंईयां सम्मान योजना को लेकर जो बजट में प्रावधान किया गया है, उसमें राज्य की आधी महिलाओं को भी लाभ नहीं मिलेगा. सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने झारखंड सरकार द्वारा पेश बजट को पूरी तरह विफल और दिशाहीन बताया है. उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की जनता को भ्रमित करने और खोखले वादों से गुमराह करने वाला है. इसमें ना तो राज्य के युवाओं के लिए कोई ठोस योजना है, न महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण पर ध्यान दिया गया है और न ही राज्य की कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए कोई ठोस नीति बनायी गयी है. सरकार केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है. बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि इस बजट में नया कुछ भी नहीं है. यह बजट खाली डिब्बे की तरह है. इंडिया गठबंधन झारखंड के लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पायी. यह साधारण बजट है. लोगों को इस बजट से कोई लाभ नहीं मिलने वाला है. चेंबर ऑफ कॉमर्स के इंडस्ट्री के अध्यक्ष राजेंद्र लाल ने कहा कि झारखंड सरकार के बजट को सभी लोगों को ध्यान में रख कर पेश किया गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर को इस संतुलित बजट के लिए साधुवाद दिया है. उन्होंने इस बजट के माध्यम से झारखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने की उम्मीद जतायी है. सीपीएम जिला सचिव गणेश कुमार सीटू ने झारखंड बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 1,45,400 लाख करोड़ के बजट में झारखंड के आमलोगों का पूरा ध्यान रखा गया है. सामाजिक क्षेत्र के विकास के लिए 62,844 करोड़, किसानों के यंत्र खरीदारी के लिए 144 करोड़ एवं ग्रामीण विकास के लिए 9841 करोड़ का बजट में प्रावधान रखा गया है. बजट में शिक्षा के विकास के लिए भी राशि आवंटित की गयी है. कांग्रेस उपाध्यक्ष निसार खान ने कहा कि झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृषण किशोर द्वारा झारखंड बजट में आम आदमी के हितों का ध्यान रखा गया है. यह अबुआ बजट है. पिछले वर्ष के बजट में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गयी है. इसमें झारखंड की बेटियों, किसानों, उद्यमियों और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखा गया है. इस बजट से झारखंड के विकास को दिशा मिलेगी. सैयद तारिक आलम ने कहा कि युवा, विद्यार्थी, किसान एवं उद्यमियों के लिए उपयोगी बजट है. इसमें महिला विकास पर विशेष फोकस किया गया है. झारखंड की बेटियों के लिए मंईयां सम्मान योजना में राशि आवंटित की गयी है. बजट में शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है. मेडिकल कॉलेज, नये विश्वविद्यालय समेत उच्च शिक्षा संस्थानों के खोलने का भी प्रावधान रखा गया है. भैया अभिमन्यु प्रसाद ने कहा कि झारखंड सरकार का बजट लीपापोती का बजट है. उन्होंने इस बजट को झारखंड की आम जनता को छलने वाला बजट बताया है. 554 रुपये में जनता को गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था. इस बजट में उसकी कोई समय सीमा नहीं बतायी गयी है. कुल मिला कर यह बजट आम लोगों को ठगने वाला बजट है. चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव विजय केसरी ने कहा कि बजट में सभी वर्ग के लोगो का ख्याल रखा गया है. उन्होंने कहा कि बजट में हेमंत सोरेन को मिले जनादेश की झलक दिख रही है. बजट में कई नयी परियोजनाओं को शुरू करने का प्रस्ताव लिया गया है. आशा जतायी है कि बजट से हजारीबाग में कई योजनाएं झारखंड सरकार जल्द शुरू करेगी. भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुदेश चंद्रवंशी ने झारखंड सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को झारखंड के लोगों के लिए निराशाजनक बताया. उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों को इस बजट से बहुत अपेक्षाएं थी कि बजट में विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में ठोस कदम उठाये जायेंगे, लेकिन यह बजट इन जरूरतों को पूरा करने में असफल साबित हो रहा है. पूर्व मांडू विधायक जेपी पटेल ने कहा कि यह बजट झारखंड के हित में है. बजट में मूलवासियों के हित का ख्याल रखा गया है. इस बजट को झारखंड को एक नयी गति मिलेगी. शिक्षा के क्षेत्र में भी अधिक राशि खर्च की जा रही है. इससे यहां के मूलवासियों को लाभ मिलेगा. कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह ने कहा कि यह बजट जनहितैषी और समावेशी है. झारखंड के विकास को गति देने वाला बजट है. बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बुनियादी ढांचों को प्राथमिकता दी गयी है. बजट में आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय को भी सुनिश्चित किया है. सीपीआई नेता महेंद्र राम ने कहा कि यह एक अबुआ बजट है. इस बजट से राज्य में कई नयी परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा. झारखंड नये आर्थिक और सामाजिक विकास में अग्रसर होगा. कांग्रेस नेता बिनोद कुशवाहा ने कहा कि यह बजट राज्य के किसान, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों को ध्यान में रख कर बनाया गया है. झारखंड के समग्र विकास में यह बजट मिल का पत्थर साबित होगा. किसान आत्मनिर्भर बनेंगे. सरकार द्वारा सस्ते दर पर ऋण, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और बाजार की उपलब्धता जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
