प्रधानमंत्री आवास का सर्वेक्षण कल से शुरू

प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत बेघर लोगों का सर्वेक्षण 21 अप्रैल से शुरू होगा.

: दो हजार प्रधानमंत्री आवास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बनाये जायेंगे.

हजारीबाग. बेघर शहरवासियों के लिए एक नयी उम्मीद की किरण जग उठी है. उनके सपनों का घर अब जल्द ही हकीकत बनने जा रहा है. नगर निगम इसके लिये सर्वेक्षण शुरू किया है. प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत बेघर लोगों का सर्वेक्षण 21 अप्रैल से शुरू होगा. सर्वेक्षण के बाद दो हजार प्रधानमंत्री आवास नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में बनाये जायेंगे.

14 स्थानों पर लगेंगे शिविर :

नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के 14 मुहल्लों में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शिविर लगाये जायेंगे. यह शिविर 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक चलेगा. शिविर में पदाधिकारियों व नोडल पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. 21 अप्रैल को वार्ड एक, तीन, चार का शिविर वार्ड विकास केंद्र नूरा में, पांच, छह, सात, आठ का शिविर वार्ड विकास केंद्र दीपूगढ़ा, वार्ड नौ, 10, 11, 12 का शिविर देवांगना चौक में लगाया जायेगा. 22 अप्रैल को वार्ड 13, 15, 16 के लिए हेमिलटन स्कूल ग्वालटोली चौक, वार्ड 14, 17 का अन्नदा स्कूल, वार्ड दो, 20, 21, 22 का शिविर पशु चिकित्सालय में आयोजित होगा. 23 अप्रैल को वार्ड 18, 19 का आरइओ कार्यालय इंद्रपुरी चौक, वार्ड 23, 24 का कदमा टू नावाटांड़ और वार्ड 25, 26 का कुम्हारटोली पारनाला में शिविर लगेगा. 24 अप्रैल को वार्ड 27, 28 का बिहारी गर्ल्स स्कूल, वार्ड 29, 30 का हरि नगर और वार्ड 31, 32 का शिविर खिरगांव मोमिन स्कूल में लगेगा. 25 अप्रैल को वार्ड 35, 36 का वार्ड विकास केंद्र हुरहुरू और वार्ड 33, 34 का सिरसी भुईयां टोली में शिविर लगेगा.

किन-किन कागजात की जरूरत

:

नगर आयुक्त ने बताया कि जिस जमीन पर प्रधानमंत्री आवास बनेगा, उसका एलपीसी, तीन लाख से कम आय प्रमाण पत्र, वोटर आइडी, आधार कार्ड, स्वघोषणा पत्र, फैमिली फोटो, आवेदक का पासपोर्ट फोटो और बैंक पासबुक डिटेल जरूरी है. उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों के पास एलपीसी और इनकम सर्टिफिकेट नहीं है, उनके लिये कुछ समय दिया जायेगा. इसके लिये उन्हें स्वघोषित घोषणा पत्र देना होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SALLAHUDDIN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >