हजारीबाग: हजारीबाग जिले के खास महाल क्षेत्र के लीजधारियों और उनके वैध उत्तराधिकारियों को 15 अगस्त 2026 तक लंबित आवेदन जमा करने का निर्देश दिया गया है. समाहरणालय स्थित खास महाल प्रकोष्ठ ने इस संबंध में सूचना जारी करते हुए कहा है कि लीज नवीकरण, नामांतरण, उत्तराधिकारी नामांतरण, हस्तांतरण, प्रयोजन परिवर्तन, बंदोबस्ती तथा वंशावली संबंधी मामलों के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन देना अनिवार्य है.
प्रकोष्ठ के अनुसार खास महाल क्षेत्र की लीज भूमि का नवीकरण प्रत्येक 30 वर्ष पर किया जाता है. जिले के अधिकांश लीजधारियों की लीज अवधि 31 मार्च 2008 को समाप्त हो चुकी है.इसके बावजूद बड़ी संख्या में लीजधारियों अथवा उनके वैध उत्तराधिकारियों ने अगले 30 वर्षों के लिए लीज नवीकरण एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा नहीं किया है.
इससे लंबित मामलों के निष्पादन में कठिनाई आ रही है.प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से अपील की है कि वे 15 अगस्त तक सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन खास महाल प्रकोष्ठ, हजारीबाग में जमा कर दें. समय पर आवेदन मिलने से लीज नवीकरण सहित अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जा सकेगा.
