हजारीबाग: डीएवी पब्लिक स्कूल में रोटरी क्लब हजारीबाग के सहयोग से शुक्रवार को योग, संवाद एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा देना था. शुरुआत योग एवं ध्यान सत्र से हुई, जिसमें छात्रों ने नियमित योग के महत्व को समझा.
इसके बाद संवाद सत्र में रोटरी क्लब के सदस्यों ने स्वास्थ्य, अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विद्यार्थियों से चर्चा की. विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर छात्रों ने साफ-सफाई की तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया. प्राचार्य डॉ. रजनीश कुमार ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और स्वच्छता सभ्य समाज की पहचान.
ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं. मौके पर रोटरी क्लब के दिलीप कुमार गुप्ता, सुरेश प्रसाद, सुबोध कुमार सिन्हा, मंदीरा गुप्ता व संदीप पाल मौजूद थे. कार्यक्रम का समन्वय सुनील कुमार बरनवाल और बिनोद कुमार पंडा ने किया.
