बड़कागांव. प्रखंड के नापोखुर्द उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं को दोबारा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है. इसे लेकर राजद पिछड़ा प्रकोष्ठ के हजारीबाग जिलाध्यक्ष कुंज बिहारी साव और भाजपा जिला ओबीसी मोर्चा कार्यसमिति सदस्य अशोक साव ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवराम शर्मा के साथ बैठक कर चर्चा की.
क्षतिग्रस्त होने के बाद हटाई गई थीं प्रतिमाएं
बताया गया कि विद्यालय परिसर में स्थापित महात्मा गांधी और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त हो गयी थीं. इसके बाद दोनों प्रतिमाओं को वहां से हटा दिया गया था. बैठक के दौरान विद्यालय परिसर में दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं को पुनः स्थापित कराने को लेकर चर्चा हुई.
प्रधानाध्यापक शिवराम शर्मा ने प्रतिमाओं को दोबारा स्थापित कराने पर सहमति जताई. इस पहल से विद्यालय परिसर में महापुरुषों की स्मृति और उनके विचारों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवनारायण साहू, मुखिया गणेश साव, उपमुखिया प्रतिनिधि हीरालाल साव, संतोष कुमार, भवानी साहू, दीपक साहू और हिमांशु कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- वोटर सूची में सुधार के लिए पहुंचे लोग, पंचायत भवन में लटका मिला ताला
