हजारीबाग: जिले की पारंपरिक सोहराई और कोहबर कला को नयी पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. मंगलवार को उपायुक्त हेमंत सती ने दीपूगढ़ा स्थित संस्कृति म्यूजियम परिसर में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के तहत संचालित सोहराई महिला कला विकास सहयोग समिति का उदघाटन किया.
इस अवसर पर उपायुक्त ने घोषणा की कि जिले में जल्द ही सोहराई फेस्टिवल पखवाड़ा आयोजित किया जायेगा, ताकि स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल सके. उन्होंने महिला कलाकारों की कलाकृतियों की सराहना की. कलाकारों ने केंद्र में नियमित बिजली, सोलर लाइट और पहुंच पथ निर्माण की मांग रखी, जिस पर उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
बाद में उपायुक्त ने संस्कृति म्यूजियम का भ्रमण किया. संग्रहकर्ता गुस्ताफ इमाम ने उन्हें विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पुरातात्विक धरोहरों से अवगत कराया. उपायुक्त ने कहा कि जिले की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए आधुनिक संग्रहालय विकसित करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने यह भी घोषणा की कि 15 अगस्त को सोहराई और कोहबर कला के उत्कृष्ट कलाकारों को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा.
