शिलाड़ीह पंचायत में बिजली की लचर व्यवस्था से ग्रामीणों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

बरकट्ठा के शिलाड़ीह पंचायत में बिजली की खराब स्थिति से ग्रामीण परेशान हैं। विभाग की लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

बरकट्ठा: प्रखंड क्षेत्र के शिलाड़ीह पंचायत के ग्राम बनवारी, शिलाड़ीह, डोंडहारा और लगनवा में बिजली की खराब स्थिति से ग्रामीणों में आक्रेाश है. ग्रामीणों ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में सूरजकुंड फीडर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जाती है, लेकिन यह व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.

स्थिति यह है कि सुबह अगर बिजली बन भी जाती है, तो शाम तक वह फिर से ठप हो जाती है. एक दिन बिजली ठीक रहती है तो अगले ही दिन फिर से खराब हो जाती है. लगातार फोन करने के बावजूद बिजली विभाग के कर्मी और अधिकारी सुधि नहीं लेते और कई बार तो फोन तक रिसीव नहीं करते.

बीते कई घंटों से क्षेत्र में बिजली पूरी तरह गायब है और जब आती भी है, तो लो वोल्टेज की समस्या के साथ-साथ 11,000 वोल्ट के तारों में फॉल्ट की समस्या आम बनी रहती है. ग्रामीणों ने बताया कि डोंडहारा की ओर जाने वाली 11,000 वोल्ट की मुख्य लाइन अम्बासिंगा स्थित एक नर्सरी के पास पेड़ों की डाली से छू रही है, जिसके कारण आए दिन तकनीकी बाधाएं उत्पन्न होती हैं.

समय पर इन पेड़ों की डालियों की छंटनी नहीं होना इस समस्या का एक बड़ा कारण है. इसके अलावा 11,000 वोल्ट के तार पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, जो आए दिन टूट जाते हैं या फ्यूज उड़ जाते हैं. बिजली की इस आंख मिचौली और अनिश्चितता के कारण बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है.

शिलाड़ीह पंचायत के पंसस प्रतिनिधि शमीम अंसारी, राजकुमार गिरी, राजद नेता असमत अली, रफीक अंसारी, कलाम अंसारी, बबलू अंसारी, याकूब अंसारी, मुबारक अंसारी, मुकेश पांडेय, सिकंदर कुमार, विकास कुमार, मनोरंजन पांडेय समेत समस्त ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इस समस्या पर संज्ञान लेते हुए विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो ग्रामीण बाध्य होकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Reyej

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >