हजारीबाग. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन लगेगी. मशीन लगने से रक्त अवयव पृथक्करण के लिए मरीजों को रांची पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उपचार में तेजी आयेगी. यह निर्णय डीसी हेमंत सती की अध्यक्षता में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में लिया गया. इस बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचना एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. डीसी ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दिये गये निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल की मरम्मत, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, कूलर एवं पंखों सहित अन्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाये.
अभियान के लिए टीबी से स्वस्थ लोग बनेंगे ब्रांड अंबेसडर
डीसी ने आयुष्मान भारत योजना, संस्थागत प्रसव तथा टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की भी समीक्षा की. टीबी से स्वस्थ हो चुके लोगों को ब्रांड अंबेसडर बनाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही सहिया के रिक्त पदों को शीघ्र भरने एवं स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे.
