हजारीबाग. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सखिया गांव में बंद घर में हुई चोरी का पुलिस ने दो दिनों के अंदर उद्भेदन कर लिया. मामले में पुलिस ने तुराओं गांव निवासी जफर अंसारी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर चोरी के आभूषण झाड़ी से बरामद किये.
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की हुई पहचान
सखिया गांव निवासी जिन्नत परवीन के बंद घर में 15 सितंबर की रात चोरी हुई थी. इसमें लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने की बात सामने आयी थी. एसपी अमन कुमार के निर्देश पर मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गयी. अनुसंधान के दौरान कई सीसीटीवी फुटेज की जांच की गयी, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई.
पुलिस ने संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने जिन्नत परवीन के घर चोरी करने की बात स्वीकार की. उसने चोरी के आभूषण झाड़ी में छिपाकर रखने की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस ने आभूषण बरामद कर लिये. बरामद आभूषणों में 29 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं.
आरोपी पर पहले से तीन मामले दर्ज
थाना प्रभारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास है. उसके खिलाफ मुफस्सिल थाना में दो और चरही थाना में चोरी का एक मामला दर्ज है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी जफर नशे का आदी है और ब्राउन शुगर का सेवन करता है. पुलिस ने बताया कि पिछले मई-जून में मुकुंदगंज स्थित एक मकान में दिनदहाड़े चोरी करते हुए भी वह पकड़ा गया था. इस मामले में मुफस्सिल पुलिस ने उसे जेल भेजा था. पुलिस के अनुसार, जेल से छूटने के बाद उसने सखिया गांव के बंद घर में चोरी की.
छापेमारी दल में थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, एसआइ विंदेश्वर महतो, महिला पुलिस पदाधिकारी उषा कुमारी एवं तकनीकी शाखा के पदाधिकारी शामिल थे.
