हजारीबाग में बारिश से चरमरायी बिजली व्यवस्था, 16 घंटे बिजली संकट से जूझे लोग

हजारीबाग में भारी बारिश के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई इलाकों में 16 घंटे तक बिजली गुल रही, लोग परेशान हैं।

हजारीबाग: 20 जुलाई की शाम हुई झमाझम बारिश के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था चरमरा गयी. कई इलाकों में 14 से 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को पेयजल समेत अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ा. बिजली विभाग की टीम पूरी रात फॉल्ट दूर करने में जुटी रही.

सबसे अधिक परेशानी मटवारी के कृष्णापुरी मुहल्ले में हुई, जहां रात करीब 10 बजे 11 हजार वोल्ट का तार टूटकर तालाब के समीप गिर गया. तार एक मकान की छत से होकर गुजरा था. मकान मालिक द्वारा दोबारा तार जोड़ने की अनुमति नहीं देने के कारण मुहल्ले की बिजली करीब 14 घंटे तक ठप रही.

इधर, संत कोलंबा फीडर क्षेत्र में इंसुलेटर खराब होने से पूरी रात बिजली आपूर्ति बंद रही, जिसे मंगलवार की सुबह करीब 9:30 बजे बहाल किया गया. वहीं कमांडेंट आवास के पास तार पर पेड़ की डाली गिरने से दोपहर 1:45 बजे तक बिजली बाधित रही. दारू प्रखंड में भी पूरी रात बिजली गुल रहने के बाद मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी.

सहायक विद्युत अभियंता आरपी सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गयी थी और पेड़ों की डालियां तारों पर गिर गयी थीं. सभी फॉल्ट दूर कर बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गयी है. विभाग की टीम पूरी रात मरम्मत कार्य में लगी रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jaynarayan

जयनारायण प्रभात खबर से पिछले 22 वर्षों से जुड़े हुए हैं. इन्होंने जन सरोकार और खोजी पत्रकारिता से अपनी पहचान बनायी है. एक्सक्लूसिव खबरों के माध्यम से समाज के मुद्दों को मजबूती से सामने लाने का प्रयास करते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर के हजारीबाग ब्यूरो चीफ हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >