चौपारण. चौपारण में निजी स्वास्थ्य केंद्रों में अवैध रूप से चल रहे अल्ट्रासाउंड के खिलाफ टीम ने छापामारी की. छापामारी दल में दंडाधिकारी सीओ संजय यादव, चिकित्सा प्रभारी डॉ सतीश सिंह, थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश शामिल थे. इस दौरान चौपारण क्लिनिक, बजरंगी काॅलोनी की दो क्लिनिक तथा केंदुआ मोड़ की एक क्लिनिक में छापामारी की गयी. बताया गया कि जांच टीम को कई साक्ष्य मिले हैं. टीम ने घनश्याम साव उर्फ डॉ कश्यप, प्रमोद कुमार, गणेश साव बाराडीह एवं प्रकाश प्रजापति को हिरासत में ले लिया है. देर शाम चिकित्सा प्रभारी डॉ सतीश कुमार ने थाना में आवेदन दिया है. उक्त लोगों पर नियम कानून को ताक पर रख कर क्लिनिक एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर चलाने का आरोप है. ज्ञात हो कि लिंग परीक्षण एवं भ्रूण जांच को लेकर चौपारण सुर्खियों में रहा है. चौपारण के अलावा हजारीबाग, चतरा एवं कोडरमा से भी लोग जांच कराने आते है. छापामारी की भनक अल्ट्रासाउंड के संचालकों को पूर्व में हो जाती हैए जिसके कारण छापामारी के पहले अपनी क्लिनिक में ताला जड़ लेते है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
