हजारीबाग: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा को लेकर मंगलवार को उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई.
बैठक में चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की बैठक के साथ निर्वाचन पाठशाला आयोजित होगी.
इसमें प्रारूप मतदाता सूची और एएसडीडी सूची का सत्यापन कर अंतिम रूप दिया जायेगा. उन्होंने राजनीतिक दलों से बीएलए-2 की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और अनुपलब्ध मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का गंभीरता से सत्यापन करने को कहा.
बैठक में एक अक्तूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने और दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन पर भी जोर दिया गया.
