हजारीबाग. जिला प्रशासन ने अवैध स्टोन क्रशर पर कार्रवाई की. सदर और पदमा प्रखंड में नौ क्रशर सील किए गए और गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया गया. संबंधित क्रशर संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
मेरू और सिलवार में सात क्रशर सील
उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर सहायक समाहर्ता पूर्वा अग्रवाल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की. जांच के दौरान सदर प्रखंड के मेरू में संचालित छह और सिलवार में एक अवैध स्टोन क्रशर को सील किया गया.
वहीं, पदमा प्रखंड के सरैया में संचालित दो स्टोन क्रशरों पर भी सील लगाने की कार्रवाई की गयी.
ये भी पढ़ें: लातेहार में नदी पार कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों का हमला, कई घायल; गंभीर सुदेश्वर साव की इलाज के दौरान मौत
क्रशरों की सीटीओ की वैधता भी मिली समाप्त
जांच के दौरान मेरू क्षेत्र के क्रशरों से संबंधित सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) की वैधता समाप्त पायी गयी. इस मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. पदमा क्षेत्र में गिट्टी लदे एक ट्रक को जब्त किया गया.
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
प्रशासन के अनुसार जिले में अवैध खनन, स्टोन क्रशर संचालन और खनिजों के अनधिकृत परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
ये भी पढ़ें: लातेहार में गंभीर रूप से घायल कोटरा की इलाज के दौरान मौत, वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम
