हजारीबाग: हजारीबाग की जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़कों की मरम्मत व पुनर्निर्माण को लेकर नगर निगम के उपमहापौर अविनाश कुमार यादव ने बुधवार को जोनल कमिटी के सदस्यों के साथ उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की. उपमहापौर ने डीसी को आवेदन सौंपकर निगम क्षेत्र की बेहद खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने की मांग की.
आवेदन में कहा गया है कि नगर निगम क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. कई जगह सड़क की सतह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. इससे आम लोगों के साथ-साथ टोटो चालकों, मोटरसाइकिल सवारों और पैदल चलनेवालों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.
उपमहापौर ने जिन प्रमुख सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग की है, उनमें मेन रोड, पानी टंकी क्षेत्र, डेली मार्केट गेट, इंद्रपुरी चौक स्थित टीवीएस शो रूम के पास की सड़क, इमली कोठी चौक, लक्ष्मी टॉकीज और नवाबगंज रोड समेत अन्य सड़कें शामिल हैं.
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
बारिश के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. गड्ढों में पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है.
उपमहापौर अविनाश कुमार यादव ने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं. उन्होंने डीसी से शहर की अत्यंत खराब सड़कों की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द मरम्मत और पुनर्निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: 200 छात्राओं के लिए थीं मां, हादसे में चली गयी संत किरण स्कूल की वार्डन की जान
