हजारीबाग: हजारीबाग को हवाई सेवा से जोड़ने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. सांसद मनीष जायसवाल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर हजारीबाग में आधुनिक एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में शीघ्र पहल करने का आग्रह किया.
उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनने के बावजूद हजारीबाग अब तक हवाई संपर्क से वंचित है, जिससे क्षेत्र के विकास पर असर पड़ रहा है.
सांसद ने केंद्र सरकार से झारखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर वर्षों से लंबित परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की. उन्होंने केंद्रीय मंत्री को झारखंड आने का निमंत्रण भी दिया और कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से संयुक्त रूप से मुलाकात कर एयरपोर्ट निर्माण का रास्ता प्रशस्त किया जा सकता है.
सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट बनने से हजारीबाग के अलावा रामगढ़, चतरा, कोडरमा और गिरिडीह समेत उत्तर झारखंड के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा तथा पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
