हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को गुमराह कर निजी जांच केंद्रों तक ले जाने वाले बिचौलियों की सक्रियता को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है. प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ बिचौलिए मरीजों और उनके परिजनों को बाहर जांच कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. इसे लेकर प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. अस्पताल में मरीजों के लिए इलाज व चिकित्सकीय परामर्श नि:शुल्क उपलब्ध है.
वहीं, विभिन्न चिकित्सीय जांच सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम दर पर की जाती है. उप विकास आयुक्त ने कहा कि मरीज किसी बिचौलिए के झांसे में नहीं आयें. यदि कोई व्यक्ति बाहर जांच कराने का दबाव बनाता है, तो इसकी तत्काल सूचना अस्पताल प्रबंधन या जिला प्रशासन को दें.
शिकायत या सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष के नंबर 8002592934 पर संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन ने कहा कि मरीजों को पारदर्शी और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है.
