हजारीबाग: हजारीबाग सांसद सह भाजपा नेता मनीष जायसवाल के दो वर्षों के कार्यकाल में हजारीबाग और रामगढ़ लोकसभा क्षेत्र में सड़क और पुल से जुड़े कई काम शुरू किये गये हैं. भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने शनिवार को फ्लोरेस्टा रेस्टूरेंट में प्रेस वार्ता कर सांसद के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का आंकड़ा सामने रखा. उन्होंने पिछले दिनों कांग्रेस जिलाध्यक्ष जेपी भाई पटेल की ओर से विकास कार्यों को लेकर उठाये गये सवालों का भी जवाब दिया.
विवेकानंद सिंह ने बताया कि हजारीबाग जिले में 93.220 किमी और रामगढ़ जिले में 66.747 किमी सड़क निर्माण का काम कराया गया है. दोनों जिलों में कुल 159.967 किमी सड़क के काम का दावा किया गया. इसके अलावा तीन उच्च स्तरीय आरसीसी पुलों का निर्माण कराया गया, जिन पर करीब 66 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं.
उन्होंने कहा कि ये केवल सरकारी कागजों में दर्ज आंकड़े नहीं हैं, बल्कि इन योजनाओं का फायदा गांवों में रहने वाले लोगों को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि कई छोटी-बड़ी योजनाओं का काम भी अलग-अलग जगहों पर चल रहा है.
भारत माता चौक से सिंदूर बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि एनएचएआइ के माध्यम से भारत माता चौक से सिंदूर बाइपास तक 9.5 किमी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का काम शुरू किया गया है. इस पर करीब 107 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.
उन्होंने कहा कि सड़क का यह काम पूरा होने के बाद इस इलाके में आवागमन आसान होगा और लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी.
यह भी पढ़ें: Hazaribagh News: ऑपरेशन भरोसा का असर, गोरहर पुलिस ने गुम हुए 2 मोबाइल खोजकर मालिक को लौटाये
196 योजनाओं के लिए 9.80 करोड़ रुपये की अनुशंसा
विवेकानंद सिंह ने बताया कि सांसद मनीष जायसवाल ने स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत 9.80 करोड़ रुपये की लागत वाली 196 योजनाओं की अनुशंसा की है. इनमें स्थानीय स्तर पर सड़क, पीसीसी पथ और दूसरी जरूरी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने की दिशा में काम किया जा रहा है.
युवाओं पर कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने राज्य की कांग्रेस और जेएमएम गठबंधन सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने युवाओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा की.
उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान युवाओं पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले चलाने और मुकदमे दर्ज करने की कार्रवाई की गयी, जिसकी भाजपा निंदा करती है.
विवेकानंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर जनता के सामने विकास से जुड़े तथ्य रखने चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है और हजारीबाग सांसद इसी एजेंडे के तहत काम कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Hazaribagh News: खनिज संपदा पर किसका अधिकार? कानून में बदलाव के विरोध में JMM सड़क पर, 7 सितंबर को धरना
